

हृदय रोग और इसके कारण होने वाली जटिलताओं के कारण हर साल लाखों लोगों की मौत हो जाती है। साल 2024 भी हृदय स्वास्थ्य को लेकर काफी चुनौतीपूर्ण रहा। आइए जानते हैं कि साल 2025 में हार्ट को हेल्दी रखने के लिए पहले से ही क्या उपाय किए जा सकते हैं?
नया साल, नए रेजोल्यूशन और नई उम्मीदों का है। आने वाले साल में हम अपने स्वास्थ्य और जीवन को कैसे बेहतर बना सकते हैं इस बारे में भी सभी लोगों को तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए। आइए जानते हैं कि साल 2025 में हार्ट को हेल्दी रखने के लिए पहले से ही क्या उपाय किए जा सकते हैं?
कार्डियोलॉजिस्ट और हार्ट सर्जन डॉ निशांत निगम ने एक बातचीत में कुछ जरूरी टिप्स साझा किए हैं जो आपके हृदय को स्वस्थ रखने में मददगार हो सकते हैं। डॉक्टर कहते हैं, जिस तरह से हृदय रोगों की समस्याएं तेजी से बढ़ती जा रही हैं, क्यों न अपने दिल को स्वस्थ रखने को अपनी प्राथमिकता बना लें?
हार्ट को स्वस्थ रखने और भविष्य में किसी गंभीर जटिलता से बचे रहने के लिए आपको किसी बड़े बदलाव की जरूरत नहीं है। अपने खान-पान, दिनचर्या और आदतों में कुछ बदलाव की मदद से हृदय को स्वस्थ रखा जा सकता है। आइए जानते हैं कि इसके लिए क्या प्रयास किए जा सकते हैं?
हृदय को स्वस्थ रखने के लिए सबसे जरूरी है अपने वजन को कंट्रोल रखना। कई अध्ययनों से पता चलता है कि जिन लोगों का वजन अधिक होता है या जो लोग मोटापे का शिकार हैं उनमें हृदय रोगों का जोखिम अधिक हो सकता है। 18.5 और 24.9 के बीच बॉडी मास इंडेक्स को स्वस्थ माना जाता है।
अपनी हाइट के हिसाब से आदर्श वजन बनाए रखना सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। वजन कंट्रोल रखने के लिए आहार और व्यायाम का सामंजस्य बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए सप्ताह में कम से कम 150 मिनट के व्यायाम का लक्ष्य रखें।
संतुलित आहार पर ध्यान देना हृदय स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए आवश्यक है। इसके लिए भोजन में साबुत अनाज, ताजे फल, सब्जियां, मछली जैसे लीन प्रोटीन को जरूर शामिल करें। अध्ययनों से पता चलता है कि नट्स और सीड्स में मौजूद पोषक तत्व आपको हृदय रोगों से बचा सकते हैं।
आहार में नमक की अधिकता हृदय स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली हो सकती है। दैनिक आहार में नमक की मात्रा 1500 मिलीग्राम से कम रखें। ट्रांस फैट वाली चीजों को भी आहार से हटा लें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हमारे हार्ट पर जिन आदतों के कारण सबसे ज्यादा असर होता है, धूम्रपान और शराब उनमें प्रमुख हैं। धूम्रपान छोड़ना आपके दिल को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी तरीका हो सकता है। इसी तरह से शराब का सेवन भी आपकी सेहत को कई प्रकार से नुकसान पहुंचाती है। शराब की कोई भी मात्रा सुरक्षित नहीं मानी जाती है। इसलिए इन दो गड़बड़ आदतों को छोड़ना आपके हार्ट को स्वस्थ रखने में मददगार हो सकता है।